उत्तर प्रदेशकानपुरबड़ी खबर

कानपुर में छात्रवृत्ति आवेदन लंबित मिलने पर डीएम सख्त, दो दिन में निस्तारण के निर्देश

कानपुर में पात्र छात्रों की छात्रवृत्ति समय पर सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यालयों और कॉलेजों को लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण कराने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की वर्चुअल समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी पात्र छात्र की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

समीक्षा के दौरान कक्षा 9 से 10 के 5,967 और कक्षा 11 से 12 के 4,266 छात्रवृत्ति आवेदन संस्थानों के स्तर पर लंबित पाए गए। जिलाधिकारी ने सभी लंबित आवेदनों का दो दिन के भीतर सत्यापन कर आगे भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संस्थान स्तर पर आवेदन लंबित रहने के कारण कोई पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित नहीं होना चाहिए।

दशमोत्तर छात्रवृत्ति की समीक्षा में 40 संस्थानों का छात्रवृत्ति पोर्टल पर मास्टर डाटा अपडेट नहीं मिला। जिलाधिकारी ने संबंधित संस्थानों को 26 सितंबर तक मास्टर डाटा अपडेट कराने के निर्देश दिए। वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में छात्रवृत्ति से वंचित रह गए छात्रों के आवेदन 28 सितंबर तक अग्रसारित कराने को कहा गया।

बैठक में अधिक संख्या में आवेदन लंबित रखने वाले कई संस्थानों की भी समीक्षा की गई। इनमें जनसेवा इंटर कॉलेज प्रेमपुर, पं. गुरु प्रसाद गया प्रसाद इंटर कॉलेज, चौधरी अयोध्या प्रसाद हायर सेकेंडरी स्कूल, यूनाइटेड एजूकेशन बिल्हौर, आयशा सिद्धिकी और हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज शामिल रहे। इन संस्थानों को लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहा कि छात्रवृत्ति कार्य में लापरवाही या किसी पात्र छात्र के लाभ से वंचित रहने की स्थिति में संबंधित प्राचार्य या प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी तय की जाएगी। पिछले वर्ष की तुलना में कम आवेदन कराने वाले कॉलेजों की भी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी बीरपाल और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button