उत्तर प्रदेशकानपुर

नवरात्रि में मंदिरों और गरबा आयोजनों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, दुकानदारों और आयोजकों के सत्यापन पर जोर

कानपुर। नवरात्रि के दौरान मंदिरों और अन्य धार्मिक स्थलों के साथ डांडिया-गरबा आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई है। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष राजीव महाना ने प्रशासन से मंदिरों में बढ़ने वाली भीड़ और गरबा आयोजनों में महिलाओं व युवतियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की मांग की।

राजीव महाना ने कहा कि नवरात्रि के दौरान मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिरों के आसपास पूजा सामग्री और अन्य सामान की अस्थायी दुकानें व स्टॉल भी लगाए जाते हैं। उन्होंने ऐसे दुकानदारों के सत्यापन, भीड़ नियंत्रण, अतिक्रमण रोकने और अनधिकृत दुकानों को हटाने की प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की।

उन्होंने कुछ लोगों पर पहचान छिपाकर धार्मिक स्थलों के आसपास दुकानें लगाने और महिलाओं के साथ अभद्रता की कोशिश करने का आरोप लगाया। इन आरोपों के मद्देनजर उन्होंने प्रशासन से मंदिरों के आसपास अस्थायी दुकानों के संचालकों का सत्यापन कराने की मांग की।

विहिप के प्रांत कार्य अध्यक्ष उमेश पालीवाल ने कहा कि डांडिया और गरबा कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और युवा शामिल होते हैं। ऐसे में आयोजकों, सह-आयोजकों, सुरक्षा कर्मचारियों और व्यवस्था से जुड़े लोगों की पहचान व सत्यापन कराया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रमों में प्रवेश करने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित करने और आयोजन समितियों को सुरक्षा संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देशों का पालन कराने की मांग की।

संगठन की ओर से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर नवरात्रि के दौरान मंदिरों, धार्मिक स्थलों और डांडिया-गरबा आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। ज्ञापन में अस्थायी दुकानदारों के सत्यापन, भीड़ नियंत्रण, अतिक्रमण रोकने और महिलाओं की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया गया।

पुलिस कार्यालय में मौजूद स्टाफ ऑफिसर स्नेहा तिवारी ने बताया कि धार्मिक स्थलों और आयोजनों में महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा को लेकर ज्ञापन प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में शहर के सभी थाना प्रभारियों को सूचना दे दी गई है और धार्मिक स्थलों व आयोजनों में सुरक्षा को लेकर आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Poonam Report.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button