— मणिपुर: वाई खेमचंद सिंह ने लोक भवन जाकर राज्यपाल के समक्ष पेश किया सरकार बनाने का दावा

रिपोर्ट: निरुपमा पाण्डेय, जस्ट एक्शन न्यूज
इम्फाल (मणिपुर),
मणिपुर में आज राजनीतिक माहौल काफी गरम रहा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता वाई खेमचंद सिंह (Yumnam Khemchand Singh) ने शाम 4 बजे के करीब लोक भवन, इम्फाल पहुंचकर राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की और सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया। इसके बाद राष्ट्रपति शासन को हटाकर एक बार फिर से राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
गत वर्ष फरवरी 2025 में राज्य में जारी हिंसा और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था, जो आज 4 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आदेश से अंतिम रूप से समाप्त कर दिया गया। इसके बाद एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के विधायक दल के नेता के रूप में वाई खेमचंद सिंह ने बहुमत का दावा पेश करते हुए राज्यपाल से नई सरकार बनाने का अनुरोध किया।
बुधवार को सुबह से ही लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियाँ जोरों पर थीं। राज्य भाजपा के मुताबिक, शाम 6 बजे यहाँ वाई खेमचंद सिंह को मणिपुर का मुख्यमंत्री पद एवं गुप्तता की शपथ दिलाई जाएगी, जिससे राज्य में निर्वाचित सरकार का मार्ग स्पष्ट हो जाएगा।
इस अवसर पर खेमचंद की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल भी राज्यपाल के समक्ष उपस्थित रहा, जिसमें चुराचांदपुर और फेरजावल जैसे कुकी-जो समुदाय वाले जिलों के विधायक भी शामिल थे, जिससे यह संकेत मिलता है कि गठबंधन ने विभिन्न समुदायों का समर्थन जुटाया है।
राज्य भाजपा के पोस्ट के अनुसार, पार्टी का दावा है कि नई सरकार के नेतृत्व में मणिपुर शांति, विकास और अच्छे शासन के मार्ग पर आगे बढ़ेगा।
👉 मुख्य बिंदु:
• राष्ट्रपति शासन को हटाकर मणिपुर में नई सरकार बनने की प्रक्रिया शुरू।
• वाई खेमचंद सिंह ने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।
• शाम 6 बजे लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह निर्धारित।



