बड़ी खबरराज्यराष्ट्रीय

मासूम की लापरवाही बनी मौत की वजह, गुब्बारा फुलाते समय सांस की नली में फंसा, गई जान

मासूम की लापरवाही बनी मौत की वजह, गुब्बारा फुलाते समय सांस की नली में फंसा, गई जान

ओडिशा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 6 साल के मासूम बच्चे की एक छोटी-सी लापरवाही के कारण दर्दनाक मौत हो गई। खेल-खेल में गुब्बारा फुलाना बच्चे के लिए जानलेवा साबित हुआ और कुछ ही मिनटों में खुशियों भरा घर मातम में बदल गया।

घटना खुरदा जिले के निधिपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, बच्चा घर पर चिप्स के पैकेट में मिले छोटे गुब्बारे से खेल रहा था। इसी दौरान उसने गुब्बारे को मुंह से फुलाने की कोशिश की, तभी अचानक वह गुब्बारा फिसलकर सीधे सांस की नली में चला गया। गुब्बारा गले में फंसते ही बच्चे को तेज खांसी और सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

परिजन जब तक कुछ समझ पाते, बच्चे की हालत गंभीर हो चुकी थी। घबराए परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने काफी कोशिश की, लेकिन दम घुटने के कारण बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण गले में गुब्बारा फंसने से सांस रुकना बताया गया है।

डॉक्टरों और विशेषज्ञों का कहना है कि गुब्बारे, छोटे खिलौने और रबर की वस्तुएं बच्चों के लिए बेहद खतरनाक होती हैं। ये चीजें आसानी से सांस की नली को पूरी तरह बंद कर सकती हैं, जिससे कुछ ही सेकंड में जान का खतरा पैदा हो जाता है।

यह घटना माता-पिता के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि छोटे बच्चों को इस तरह की वस्तुओं से दूर रखें और हर समय उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए रखें, क्योंकि एक पल की लापरवाही जिंदगी भर का दर्द दे सकती है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button