आगरा में पांच और छह दिन से स्कूल नहीं पहुंचे दो शिक्षक, बीएसए ने जारी किया नोटिस

आगरा। नगला वीरभान प्राथमिक विद्यालय में दो शिक्षकों के लगातार कई दिनों तक अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभागीय टीम ने विद्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें एक शिक्षक पांच दिन और दूसरे शिक्षक छह दिन से लगातार गैरहाजिर मिले। मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
ग्रामीणों ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत की थी कि विद्यालय में शिक्षक नियमित रूप से नहीं आते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिकायत के बाद विभागीय टीम ने स्कूल पहुंचकर स्थिति की जांच की।
निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापक रामाकांत पांडेय पांच दिन से विद्यालय में अनुपस्थित मिले, जबकि सहायक अध्यापक संजय कुमार सागर छह दिन से स्कूल नहीं पहुंचे थे। विभाग के अनुसार, इससे पहले भी अलग-अलग तारीखों में हुए निरीक्षण के दौरान दोनों शिक्षकों की अनुपस्थिति सामने आ चुकी है।
बीएसए डॉ. राकेश सिंह ने दोनों शिक्षकों को 24 सितंबर को शाम चार बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से कहा गया है कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय जांच के बाद अब दोनों शिक्षकों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। वहीं विद्यालय में पढ़ाई और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर विभागीय निगरानी जारी रहने की बात कही गई है।
Poonam Report



