आगराउत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्य

आगरा: 18 साल से ड्यूटी से गायब राज्य कर विभाग के संग्रह अमीन को अंतिम नोटिस, नौकरी जाने की नौबत

आगरा। राज्य कर विभाग में तैनात एक संग्रह अमीन पिछले करीब 18 वर्षों से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित है। लंबे समय तक कर्मचारी के वापस नहीं लौटने के बाद विभाग ने अब सख्त रुख अपनाते हुए उसके खिलाफ अंतिम सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। नोटिस में कर्मचारी को तय समय के भीतर कार्यालय पहुंचकर अपनी अनुपस्थिति पर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है। ऐसा नहीं करने पर विभाग एकतरफा सेवा समाप्ति की कार्रवाई कर सकता है।

मामला जयपुर हाउस स्थित राज्य कर विभाग के कार्यालय से जुड़ा है। विभाग के संयुक्त आयुक्त राज्य कर अजित कुमार के अनुसार, नगला खेरिया कमाल खां निवासी संग्रह अमीन धर्मप्रकाश ने फरवरी 1992 में विभाग में कार्यभार ग्रहण किया था। इसके बाद फरवरी 2008 से वह बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार अनुपस्थित है। विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार उसका अंतिम वेतन भी फरवरी 2008 में ही निकला था।

विभाग की ओर से कर्मचारी से संपर्क करने के प्रयास पहले भी किए गए थे। जुलाई 2025 में उसके दर्ज पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से नोटिस भेजा गया, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद अब विभाग ने सार्वजनिक रूप से अंतिम नोटिस जारी कर उसे अपनी स्थिति स्पष्ट करने का अवसर दिया है।

नोटिस के मुताबिक धर्मप्रकाश को 15 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे तक या उससे पहले किसी भी कार्यदिवस पर जयपुर हाउस स्थित संयुक्त आयुक्त राज्य कर कार्यालय में स्वयं उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में उपस्थित होकर जवाब नहीं देने पर यह माना जाएगा कि कर्मचारी को अपनी अनुपस्थिति के संबंध में कुछ नहीं कहना है और उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

करीब 18 वर्षों से लगातार अनुपस्थित रहने का यह मामला विभागीय कर्मचारी आचरण नियमों के उल्लंघन से जुड़ा माना जा रहा है। अंतिम नोटिस के बाद अब निगाह इस बात पर है कि संबंधित कर्मचारी विभाग के सामने उपस्थित होकर अपनी अनुपस्थिति का कारण बताता है या नहीं। यदि वह निर्धारित समय तक नहीं पहुंचता है, तो विभाग उसके खिलाफ सेवा समाप्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button