रायपुर की गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए चयन ट्रायल, 13 से 17 साल के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश के नवीनीकरण के लिए 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इन ट्रायल के आधार पर तीरंदाजी, बालिका फुटबॉल, बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का प्रशिक्षण के लिए चयन किया जाएगा।
चयन ट्रायल में छत्तीसगढ़ के साथ अन्य राज्यों के 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं। खिलाड़ियों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र अथवा जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करनी होगी।
30 सितंबर को खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेजों का सत्यापन, चिकित्सीय परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण किया गया। वहीं 1 अक्टूबर को खिलाड़ियों के खेल कौशल का परीक्षण किया जाएगा। ट्रायल स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा, तीरंदाजी एरिना और हॉकी स्टेडियम पिच-02 में सुबह 7 बजे से आयोजित किया जा रहा है।
पहले दिन चारों गैर-आवासीय खेल अकादमियों के लिए कुल 144 खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। शारीरिक दक्षता परीक्षण में खिलाड़ियों की ऊंचाई, वजन, वर्टिकल जंप, 30 मीटर दौड़, शटल रन, बॉल थ्रो, 800 मीटर दौड़ और सीट-अप जैसी गतिविधियों का आकलन किया गया।
खेल कौशल परीक्षण के बाद खिलाड़ियों का अंतिम चयन चयन समिति द्वारा उनके प्रदर्शन और क्षमता के आधार पर किया जाएगा। खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और खेलवृत्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
Poonam Report.



