अमेठी में इंटरलॉकिंग कार्य में वित्तीय अनियमितता पर कार्रवाई, पूर्व प्रधान प्रशासक पद से हटाईं

Lअमेठी। जिले की ग्राम पंचायत ठेंगहा में इंटरलॉकिंग कार्य को लेकर मिली शिकायत की जांच के बाद जिलाधिकारी संजय चौहान ने कार्रवाई की है। जांच में वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद पूर्व प्रधान प्रशासक सुदामा देवी को प्रशासक पद से हटा दिया गया है। साथ ही 3 लाख 22 हजार 396 रुपये की खर्च की गई धनराशि में से 1 लाख 61 हजार 198 रुपये की वसूली का आदेश दिया गया है।
जांच के अनुसार, पारसनाथ सिंह के खेत से नरेंद्र सिंह के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य प्रस्तावित था, लेकिन इसके स्थान पर रामपाल के खेत से नरेंद्र की मशीन तक इंटरलॉकिंग का कार्य कराया गया। इस कार्य पर कुल 3 लाख 22 हजार 396 रुपये खर्च किए गए। जांच के दौरान तकनीकी स्थिति और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर वित्तीय अनियमितता पाए जाने की बात सामने आई।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार, पूर्व प्रधान प्रशासक सुदामा देवी को ग्राम पंचायत ठेंगहा के प्रशासक पद से हटा दिया गया है। इसके साथ ही मामले में तत्कालीन और वर्तमान ग्राम विकास अधिकारी मिथिलेश कुमार यादव की भूमिका को लेकर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम विकास अधिकारी मिथिलेश कुमार यादव के विरुद्ध भी 1 लाख 61 हजार 198 रुपये की वसूली और विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आदेश दिया गया है। संबंधित अधिकारियों को वसूली की राशि ग्राम पंचायत ठेंगहा के ग्राम निधि खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद ग्राम पंचायत में कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य और उससे जुड़ी धनराशि के इस्तेमाल को लेकर जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
Poonam Report



