उत्तर प्रदेशराज्यवाराणसी

स्वामी विवेकानंद लॉ कॉलेज में ‘वृत्तिक आचार’ पर संगोष्ठी, अधिवक्ताओं ने पेशेवर ईमानदारी पर दिया जोर

जस्ट एक्शन ब्यूरो

  वाराणसी। स्वामी विवेकानंद लॉ कॉलेज, दुनियापुर, वाराणसी में आज ‘वृत्तिक आचार’ (Professional Ethics) विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विधि के छात्रों को पेशेवर नैतिकता, ईमानदारी एवं न्यायिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बनारस कचहरी के सुप्रसिद्ध अधिवक्ता तनवीर अहमद सिद्दीकी एवं टीडी कॉलेज, जौनपुर के वरिष्ठ विधि अध्यापक डॉ. शैलेंद्र कुमार यादव उपस्थित रहे। दोनों वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि एक सफल अधिवक्ता बनने के लिए केवल कानून का ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नैतिक मूल्यों, सत्यनिष्ठा और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी उतना ही आवश्यक है।

अधिवक्ता तनवीर अहमद सिद्दीकी ने अपने व्याख्यान में न्यायालय की गरिमा बनाए रखने, मुवक्किल के प्रति ईमानदारी और पेशे में अनुशासन की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज में न्याय का प्रहरी होता है, इसलिए उसके आचरण में पारदर्शिता और नैतिकता अनिवार्य है।
वहीं, डॉ. शैलेंद्र कुमार यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में न्याय और व्यवस्था स्थापित करने का सशक्त साधन है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपने पेशे में सदैव सत्य और न्याय के मार्ग पर चलें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रबंधक राजीव राय ने की, जिन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्राचार्य डॉ. अजय कुमार पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज सदैव छात्रों को गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा और नैतिक मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर विधि विभाग के अध्यापक संजय कुमार वर्मा, राघवेंद्रमणि त्रिपाठी एवं श्यामकली मैम सहित अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने जिज्ञासापूर्ण प्रश्न रखे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

समापन धन्यवाद ज्ञापन विधि विभाग की ओर से किया गया, जिसमें सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button