कानपुर में तालाब किनारे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत

कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के खेरसा गांव में बुधवार को तालाब में मछली पकड़ने गए 20 वर्षीय युवक की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
खेरसा गांव निवासी विनोद का बेटा सीबू अपने दो साथियों के साथ गांव के बाहर स्थित तालाब पर गया था। तालाब के किनारे से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन नीचे झूल रही थी। इसी दौरान सीबू बिजली लाइन की चपेट में आ गया। उसके साथ मौजूद दोनों साथी सुरक्षित बच गए।
घटना के बाद साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और सीबू को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तालाब के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन काफी समय से नीचे झूल रही थी। उनका कहना है कि समय रहते तार को ठीक कराया जाता तो हादसा टल सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। परिजनों ने बिजली विभाग की कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए पहले पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया। थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह के समझाने के बाद परिजन राजी हुए, जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Poonam Report



