उत्तर प्रदेशगोरखपुरबड़ी खबर

गोरखपुर विश्वविद्यालय में 5100 दीपों के साथ सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में गुरुवार शाम एक माह तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में 5100 दीप जलाए गए। मुख्य द्वार से लेकर प्रशासनिक भवन परिसर तक दीपों की कतारों से पूरा परिसर रोशन हो गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. के. पी. सिंह ने मुख्य द्वार पर दीप प्रज्वलित करके किया। इसके बाद उन्होंने प्रशासनिक भवन परिसर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के समक्ष भी दीप जलाए। कुल मिलाकर मुख्य द्वार और प्रशासनिक भवन परिसर में 5100 दीप प्रज्वलित किए गए।

विश्वविद्यालय में यह सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों की सहभागिता से सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और जनहित से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए सेवा भावना, सामाजिक संवेदनशीलता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक एवं सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी प्रो. सत्यपाल सिंह ने कहा कि सेवा समाज और राष्ट्र के प्रति निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों की ऊर्जा और सामाजिक चेतना को सकारात्मक दिशा देने तथा उन्हें सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से जोड़ने की बात कही।

दीपोत्सव के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button