नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बल्लारी (कर्नाटक) और गुंटकल (आंध्र प्रदेश) के बीच नई डबल रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग ₹1,264 करोड़ की लागत आएगी और इसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार का कहना है कि इस परियोजना से दोनों राज्यों के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा। डबल लाइन बनने से ट्रेनों का संचालन तेज और सुगम होगा, जिससे यात्रियों के साथ-साथ माल परिवहन को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
परियोजना के पूरा होने के बाद इस रेल मार्ग की क्षमता बढ़ेगी, ट्रेनों की आवाजाही में होने वाली देरी कम होगी और क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की भी उम्मीद है।
केंद्र सरकार का मानना है कि यह परियोजना दक्षिण भारत के रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और कर्नाटक तथा आंध्र प्रदेश के लाखों लोगों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।



